onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी यात्री बस, 40 लोगों की मौत, 8 घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब क्वेटा से पेशावर जा रही एक यात्री बस डेरा इस्माइल खान जिले के पहाड़ी इलाके में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय बस में कुल 48 यात्री सवार थे।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, बस के ब्रेक फेल हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। एक खतरनाक मोड़ पर बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, बचाव दल और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

बलूचिस्तान सरकार के मीडिया एवं राजनीतिक मामलों के सहयोगी शाहिद रिंद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक हादसे में 40 लोगों की मौत हुई है, जबकि आठ घायल यात्रियों का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा दोनों प्रांतों के प्रशासन राहत कार्य में जुटे हैं।

रेस्क्यू 1122 के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में 48 यात्री सवार थे। वहीं, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बस क्वेटा से 36 यात्रियों के साथ रवाना हुई थी और शेष यात्री रास्ते में सवार हुए थे। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटा है।

हादसे के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रपति कार्यालय ने अपने बयान में कहा कि पूरा देश इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ी इलाकों में सड़क दुर्घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, संकरी और खतरनाक सड़कें, खराब मौसम, वाहनों की तकनीकी खराबी, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और अनुभवहीन चालक ऐसे हादसों के प्रमुख कारण माने जाते हैं। फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.