onwin giriş
Home उत्तराखंड

पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी को लेकर युवाओं में उत्साह, 16 राज्यों से 1000 से अधिक आवेदन

हरिद्वार: पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी को लेकर देशभर के अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अकादमी के लिए अब तक 16 राज्यों से 1000 से अधिक अभ्यर्थी पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, हरियाणा सहित कई राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं। प्रतिदिन आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

अकादमी की ओर से बताया गया है कि बीए द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। यहां संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के साथ-साथ राज्य लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षाओं की भी उच्च स्तरीय तैयारी कराई जाएगी।

50 संन्यासी भी देंगे इंटरव्यू

इस बार की चयन प्रक्रिया की एक खास बात यह है कि पहली बार पतंजलि योगपीठ के लगभग 50 संन्यासी भी प्रशिक्षण कार्यशाला और 18 जुलाई को होने वाले इंटरव्यू में भाग लेंगे।

योगगुरु स्वामी रामदेव ने घोषणा की है कि ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर UPSC या PCS की प्रारंभिक (Prelims) और मुख्य (Mains) परीक्षा पास कर ली हो, लेकिन दो या उससे अधिक प्रयासों के बाद भी इंटरव्यू में सफल न हो सके हों और दोबारा तैयारी करना चाहते हों, वे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों का पूरा खर्च उठाएगा पतंजलि

अकादमी के अनुसार, साक्षात्कार में चयनित अभ्यर्थियों के आवास, भोजन, प्रशिक्षण और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा खर्च पतंजलि योगपीठ वहन करेगा।

इसके अलावा 15 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाली प्रशिक्षण कार्यशाला और इंटरव्यू में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए भी आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी।

14 जुलाई तक आवेदन, 21 जुलाई से नियमित कक्षाएं

अकादमी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार:

14 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को 14 जुलाई शाम 5 बजे तक पतंजलि योगपीठ पहुंचना अनिवार्य होगा।
15 से 17 जुलाई तक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
18 जुलाई को इंटरव्यू होगा।
21 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
अनुभवी विशेषज्ञ करेंगे मार्गदर्शन

पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी के अध्यक्ष के रूप में अवध ओझा मार्गदर्शन दे रहे हैं। अकादमी के संरक्षक भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एन.पी. सिंह हैं, जबकि सचिव की जिम्मेदारी पतंजलि विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) मयंक निभा रहे हैं।

अकादमी का दावा है कि नियमित कक्षाओं में देश के प्रतिष्ठित और अनुभवी मेंटर्स अभ्यर्थियों को UPSC और PCS परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देंगे। इसी वजह से अकादमी में प्रवेश को लेकर छात्रों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.