onwin giriş
Home बॉलीवुड मनोरंजन

शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में होगी करीना कपूर की एंट्री? बर्थडे पोस्ट में दिया बड़ा हिंट, गौरी खान के कमेंट ने बढ़ाया सस्पेंस

बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक हर तरफ से बधाइयां मिल रही हैं। इस बीच अभिनेत्री करीना कपूर ने भी एक खास पोस्ट शेयर कर शाहरुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। हालांकि, करीना के इस पोस्ट ने बधाइयों से ज्यादा उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर फैंस कयास लगा रहे हैं कि क्या करीना कपूर भी शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में नजर आने वाली हैं।

शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में पहली बार वह अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है और अब करीना कपूर की एक पोस्ट ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

करीना कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शाहरुख खान के साथ एक मोनोक्रोम यानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की। तस्वीर में दोनों एक-दूसरे के सामने खड़े नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में ड्रामैटिक लाइटिंग दिखाई दे रही है, जिसे देखकर ऐसा लग रहा है कि दोनों किसी खास डांस सीक्वेंस का हिस्सा हैं।

इस तस्वीर के साथ करीना ने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे किंग, इस साम्राज्य के सदाबहार शासक! चलिए साथ में डांस करते हैं… इंतजार नहीं हो रहा! 24-12-26।’ करीना के इस कैप्शन में फिल्म की रिलीज डेट का जिक्र होने से फैंस को लग रहा है कि वह भी ‘किंग’ का हिस्सा हो सकती हैं।

करीना कपूर और शाहरुख खान की जोड़ी पहले भी कई फिल्मों में नजर आ चुकी है। दोनों ने ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘रा.वन’ और ‘अशोका’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। इसके अलावा फिल्म ‘डॉन’ के एक खास गाने में भी दोनों की झलक देखने को मिली थी। ऐसे में अगर करीना एक बार फिर शाहरुख के साथ स्क्रीन शेयर करती हैं तो उनके फैंस के लिए यह खास मौका होगा।

करीना के इस पोस्ट पर शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान और उनकी बहन करिश्मा कपूर ने भी प्रतिक्रिया दी। गौरी खान ने कमेंट में लिखा, ‘यह बहुत जबरदस्त होने वाला है।’ वहीं करिश्मा कपूर ने लिखा, ‘और इंतजार नहीं हो रहा।’

इन कमेंट्स के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म में करीना की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म के निर्माताओं की ओर से करीना कपूर की कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर उनकी फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ भी रिलीज किया गया। इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की रोमांटिक केमिस्ट्री की झलक देखने को मिली है। गाने की शुरुआत शाहरुख के दमदार डायलॉग से होती है, जिसके बाद दीपिका की एंट्री दिखाई देती है। इस गाने को अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख खान और सुहाना खान के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी नजर आएंगे।

अब करीना कपूर की इस पोस्ट के बाद दर्शकों को इंतजार है कि क्या वाकई बेबो भी ‘किंग’ की स्टारकास्ट में शामिल हैं या उनका यह पोस्ट किसी खास गाने से जुड़ा है। फिलहाल इस सस्पेंस पर आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.