उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आस्था, कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति खराब थी, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास का नया मॉडल स्थापित किया है।
सीएम योगी ने कहा कि 2007 से 2017 के बीच की सरकारों ने प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दीं और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया। उन्होंने दावा किया कि यदि वही सरकारें सत्ता में रहतीं तो उत्तर प्रदेश का पूरा चीनी उद्योग बंद हो जाता।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार 122 चीनी मिलों का संचालन कर रही है और अब तक किसानों को 3.23 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में अमरोहा से दिल्ली, लखनऊ और प्रयागराज की यात्रा काफी आसान हुई है और अब हरिद्वार की दूरी को भी बेहतर सड़क संपर्क के जरिए और कम किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान कांवड़ यात्रा, रामनवमी शोभायात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे।
उन्होंने कहा,
“2017 के बाद प्रदेश में कांवड़ यात्रा, रामनवमी की शोभायात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों पर कोई रोक नहीं है। अब लोग अपनी आस्था के साथ खुले तौर पर जुड़ सकते हैं।”
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में हर जिले में दंगे होते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी।
उन्होंने कहा,
“हमने कहा था कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए सिर्फ दो जगह हैं—जेल या जहन्नुम। हमने माफिया को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था और उसे पूरा किया।”
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले केंद्र से भेजा गया पैसा जरूरतमंदों तक नहीं पहुंचता था।
उन्होंने कहा,
“पहले कहा जाता था कि 100 रुपये भेजते हैं तो केवल 15 रुपये पहुंचते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र से भेजा गया पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचता है।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिना भेदभाव के किसानों, गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिल रहा है।
