
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और सुरक्षा खतरों के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा ईरान भी क्षेत्र में अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में अमेरिकी नागरिकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
अमेरिका ने नागरिकों को क्या चेतावनी दी?
अमेरिकी विदेश विभाग ने मिडिल ईस्ट के विभिन्न देशों में स्थित अपने दूतावासों के माध्यम से सुरक्षा अलर्ट जारी किए हैं। इसमें नागरिकों से संभावित हमलों, उड़ानों के रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में आने वाली परेशानियों को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।
विभाग के मुताबिक, ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। वहीं, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले किए हैं। इन घटनाओं से आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है और यात्रा व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
रियाद में फाइनेंशियल सेंटर की इमारत पर हमला, 11 घायल
इस बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक फाइनेंशियल सेंटर की टावर इमारत पर हमला हुआ है। सऊदी सिविल डिफेंस के अनुसार, इस घटना में 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा दो सऊदी, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक घायल हुए हैं। सऊदी अधिकारियों ने इस हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है।
ईरान ने बातचीत के लिए रखीं सात शर्तें
दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ईरान का कहना है कि जब तक उसकी सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक बातचीत संभव नहीं है।
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, इन शर्तों में आर्थिक प्रतिबंध हटाना, ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी खत्म करना और जब्त की गई ईरानी संपत्तियों को जारी करना शामिल है। हालांकि, सभी सात शर्तों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है।
ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालीबाफ ने चेतावनी दी है कि अगर दुश्मन की ओर से कोई गलती की गई तो ईरान संघर्ष का भौगोलिक दायरा बढ़ा सकता है।
मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ते तनाव के बीच अब क्षेत्रीय सुरक्षा और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।

