
उत्तर प्रदेश के नगर निकायों की मतदाता सूची में मकान नंबरों की गड़बड़ी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। हालांकि, अदालत ने इस मामले में दाखिल जनहित याचिका (PIL) को खारिज कर दिया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि कई मकानों के नंबर बदल दिए गए हैं, लेकिन नगर निकायों की वोटर लिस्ट में उन्हें अपडेट नहीं किया गया। इसके साथ ही मांग की गई थी कि नगर निकायों की मतदाता सूची को लोकसभा और विधानसभा चुनावों की मतदाता सूची के अनुरूप किया जाए।
मतदाता सूची में सुधार व्यक्तिगत अधिकार: सुप्रीम कोर्ट
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि मतदाता सूची में किसी तरह की गलती को ठीक कराने का अधिकार संबंधित मतदाता का व्यक्तिगत अधिकार है। ऐसे मामलों को आमतौर पर जनहित याचिका के माध्यम से सामूहिक रूप से नहीं उठाया जा सकता।
जस्टिस बागची ने कहा कि नगर निकायों की मतदाता सूची में सुधार के लिए भी निर्धारित नियम और प्रक्रिया होगी। जिन लोगों के नाम या मकान नंबर में गड़बड़ी है, उन्हें संबंधित सक्षम प्राधिकारी के पास जाकर शिकायत करनी चाहिए।
पूरे राज्य में समस्या होने पर उठाया जा सकता है मुद्दा
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर इस तरह की समस्या पूरे राज्य में बड़े स्तर पर सामने आती है, तो इसे व्यापक रूप से उठाया जा सकता है। हालांकि, व्यक्तिगत मतदाताओं को अपनी वोटर लिस्ट में सुधार कराने के लिए संबंधित चुनाव अधिकारियों से संपर्क करना होगा। जरूरत पड़ने पर वे व्यक्तिगत रूप से अदालत का दरवाजा भी खटखटा सकते हैं।
SIR के बाद 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से गायब
दरअसल, उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद करीब 1.27 करोड़ ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है, जिनके नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं, जबकि वे पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं या सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। ऐसे पात्र लोगों के नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में शामिल कराने के लिए चुनाव आयोग विशेष अभियान चलाने जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, यह अभियान 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होने वाले विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत चलाया जाएगा। इसके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पंचायत और नगरीय निकायों की मतदाता सूची का विधानसभा वोटर लिस्ट से मिलान कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी और उनका फॉर्म-6 भरवाया जाएगा।
युवाओं और महिला मतदाताओं पर रहेगा विशेष फोकस
चुनाव आयोग के इस अभियान में युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर खास ध्यान दिया जाएगा। राशन की दुकानों के माध्यम से 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे पात्र लोगों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है।
वहीं, स्कूलों और कॉलेजों के जरिए 18 से 19 साल के युवाओं का पंजीकरण कराया जाएगा। इसके लिए NSS, NCC और अन्य युवा संगठनों की मदद ली जाएगी।
महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, ANM और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सहायता ली जाएगी। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र महिलाओं की पहचान करेंगी और उनका फॉर्म-6 भरवाने में मदद करेंगी।

