
फुटबॉल प्रेमियों को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। SAFF चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारत ने सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 1-0 से मात दी।
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 17 नवंबर को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मुकाबले का लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग VETO App पर मुफ्त उपलब्ध होगी।
भूटान को हराकर फाइनल में पहुंचा भारत
14 नवंबर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भूटान को 2-1 से शिकस्त दी। भारत की ओर से पीएन विष्णु और छिंगलेनसाना सिंह ने पहले हाफ में गोल किए। इसके साथ ही भारत ने हाफ टाइम तक 2-0 की बढ़त बना ली थी।
दूसरे हाफ में भूटान ने वापसी की कोशिश की और 48वें मिनट में किंजांग ताशी टोबडेन ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को दी शिकस्त
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराया। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने भी खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। अब दोनों टीमें चैंपियन बनने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।
ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को हराया था
भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट में पहले भी मुकाबला हो चुका है। 5 नवंबर को खेले गए ग्रुप स्टेज मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया था। उस मुकाबले में सुहैल अहमद भट ने दो गोल दागकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
भारत ने ग्रुप बी में छह अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था, जबकि पाकिस्तान तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। अब फाइनल में भारतीय टीम की नजरें पाकिस्तान को एक बार फिर हराकर खिताब अपने नाम करने पर होंगी।
10वां खिताब जीतने उतरेगा भारत
भारतीय टीम इस बार अपने कई सीनियर खिलाड़ियों के बिना टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है। इसके बावजूद युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अब भारतीय टीम की नजर SAFF चैंपियनशिप का 10वां खिताब जीतने पर है। वहीं, पाकिस्तान की टीम भी खिताब अपने नाम करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। ऐसे में 17 नवंबर को होने वाला यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।

