
ओडिशा के कालाहांडी जिले में दिवाली के मौके पर पटाखे फोड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। हाथ में पटाखा पकड़कर जलाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि युवक की हथेली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कालाहांडी जिले के धर्मगढ़ थाना क्षेत्र के गोड़भंजा गांव की है। घायल युवक की पहचान पिंटू पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपावली के दौरान वह आतिशबाजी कर रहा था। इसी दौरान उसने पटाखे को हाथ में पकड़कर जलाने की कोशिश की, तभी पटाखा उसके हाथ में ही फट गया।
पटाखे में हुए विस्फोट के कारण युवक की हथेली बुरी तरह जख्मी हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत धर्मगढ़ उपमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे।
स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भवानीपटना स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।
दीपावली के त्योहार के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है। पटाखे हमेशा सुरक्षित दूरी बनाकर और सावधानी के साथ जलाने चाहिए।

