
ओडिशा में चक्रवात अर्नब से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रभावित परिवारों को 2,500 रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके लिए सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) से 107.70 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है। इस फैसले से गंजाम और कोरापुट जिले के चार लाख से ज्यादा प्रभावित परिवारों को फायदा मिलेगा।
ओडिशा सरकार की ओर से 4 नवंबर को जारी जानकारी के मुताबिक, इस राहत पैकेज का लाभ गंजाम और कोरापुट जिले के कुल 4,30,833 परिवारों को दिया जाएगा। सरकार ने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को सहायता राशि उपलब्ध करा दी है, ताकि पात्र परिवारों तक जल्द से जल्द आर्थिक मदद पहुंचाई जा सके।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गंजाम जिले में सबसे अधिक परिवार चक्रवात से प्रभावित हुए हैं। यहां 4,29,782 परिवारों को 2,500 रुपये प्रति परिवार की दर से सहायता दी जाएगी। इसके लिए 107 करोड़ 44 लाख 55 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं, कोरापुट जिले के 1,051 प्रभावित परिवारों को भी 2,500 रुपये प्रति परिवार की आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके लिए 26 लाख 27 हजार 500 रुपये मंजूर किए गए हैं। इस तरह दोनों जिलों के प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए कुल 107 करोड़ 70 लाख 82 हजार 500 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
राज्य सरकार ने मंजूर की गई राशि संबंधित जिलों के कलेक्टरों के पास भेज दी है। अब जिला प्रशासन निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता वितरित करेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य आपदा प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाना और उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है।
यह आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा घोषित राहत पैकेज का हिस्सा है। चक्रवात अर्नब ने ओडिशा समेत आसपास के इलाकों में काफी नुकसान पहुंचाया था। आंध्र प्रदेश में भी इस चक्रवात के कारण पांच लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में ओडिशा सरकार ने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहारा देने के लिए SDRF से यह राशि मंजूर की है।

