onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

सूडान में फिर धंसी सोने की खदान, 11 मजदूरों की मौत; 30 घायल

सूडान: गृहयुद्ध से जूझ रहे सूडान में एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सोने की खदान धंसने से बड़ा हादसा हुआ है। देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित रेड सी राज्य के ओनी इलाके में खदान की सुरंग ढहने से कम से कम 11 खनिकों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी है।

शनिवार रात से शुरू हुआ हादसा

स्थानीय अधिकारी अब्दलहाय खारिफ अबाकर के मुताबिक, खदान धंसने की घटना शनिवार रात शुरू हुई थी। रविवार तक राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 11 शव बरामद किए गए और 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

राज्य की स्वामित्व वाली सूडानी मिनरल रिसोर्सेज कंपनी के एक अधिकारी ने भी हादसे की पुष्टि की। कंपनी ने घटना पर शोक जताते हुए बयान जारी किया, हालांकि मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी खदान दुर्घटना

सूडान में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी खदान दुर्घटना है। इससे पहले पश्चिमी सूडान में सोने की खदान की कई सुरंगें धंसने से कम से कम 82 लोगों की मौत हुई थी। वह इलाका अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के नियंत्रण में बताया जाता है।

सूडान सोने का प्रमुख उत्पादक देश है और यहां बड़ी संख्या में छोटी तथा अनौपचारिक खदानें संचालित होती हैं। सुरक्षा मानकों की कमी के कारण इन खदानों में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

गृहयुद्ध की चपेट में है सूडान

सूडान अप्रैल 2023 से सेना और RSF के बीच जारी संघर्ष से जूझ रहा है। ACLED के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक कम से कम 59,000 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, सहायता संगठनों का कहना है कि वास्तविक मृतकों की संख्या इससे अधिक हो सकती है।

संयुक्त राष्ट्र से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, सूडान से बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी की गई है। विशेषज्ञों ने यह भी कहा है कि सोने से होने वाली आय का इस्तेमाल RSF की गतिविधियों को वित्तीय सहायता देने में किया गया। RSF का दारफुर और कोर्डोफान के कुछ सोना उत्पादक क्षेत्रों पर नियंत्रण बताया जाता है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.