देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में उत्तराखंड की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत एवं सुधार के लिए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए।
मानसून के बाद एक साथ शुरू होंगे सड़क सुधार के काम
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही प्रदेशभर में सड़क सुधार के कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए अभी से तैयारियां पूरी कर ली जाएं और निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए, ताकि बारिश खत्म होते ही सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू हो सके।
पुरानी PMGSY सड़कों के लिए सरकार देगी धनराशि
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई उन पुरानी सड़कों पर भी चर्चा हुई, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है।
ऐसी सड़कों को दोबारा दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों को सुधारने का रास्ता साफ हो सकता है।
शहरी सड़कों के लिए निकायों को मिलेगा संसाधन
नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय निकायों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए और स्थानीय निकायों को इसके लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
अक्टूबर से सड़क मार्ग से प्रदेश का दौरा करेंगे CM धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को इससे पहले सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुगम सड़क व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बारिश समाप्त होने के बाद सड़क सुधार कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विभागों को अभी से तैयारी और टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
