onwin giriş
Home देश

उत्तर प्रदेश, एमपी और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा; दिल्ली-NCR में भी बरसेंगे बादल

देश के कई राज्यों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है।

मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बैतूल, दमोह, टीकमगढ़, राजगढ़ और नरसिंहपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

यूपी के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, हमीरपुर और झांसी समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

वहीं कानपुर, लखनऊ, उन्नाव, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, सीतापुर और बहराइच में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है।

बिहार में तेज बारिश के साथ आंधी-वज्रपात का अलर्ट

बिहार में भी अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। लखीसराय, मधुबनी, भागलपुर, किशनगंज, पूर्णिया, बेगूसराय, वैशाली, जहानाबाद, सिवान, दरभंगा और बक्सर में तेज बारिश के साथ आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का खतरा

पर्वतीय राज्यों में मौसम ज्यादा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 25 से 28 अगस्त तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़क बंद होने और अचानक जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

दिल्ली-NCR में भी बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश होने से जलभराव और ट्रैफिक की समस्या बढ़ सकती है। दिल्ली आने-जाने वाले हवाई यात्रियों को खराब मौसम के मद्देनजर अपनी उड़ान का स्टेटस पहले जांच लेने की सलाह दी गई है।

25 से 28 अगस्त तक कई राज्यों में बारिश

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, पंजाब, कोंकण-गोवा, केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ओडिशा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी है।

मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों और नालों के आसपास जाने से बचने तथा गरज-चमक के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है। किसानों को भी खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.