नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में शुक्रवार रात मोबाइल फोन की EMI नहीं चुका पाने के तनाव में एक 30 वर्षीय डांस टीचर ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, पुलिस और बाढ़ विभाग की रेस्क्यू टीम ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब साढ़े 8 बजे भोला घाट के पास हुई। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को यमुना में एक व्यक्ति के कूदने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाढ़ विभाग को सूचना दी और रेस्क्यू टीम नाव के साथ घटनास्थल पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने बताया कि युवक ओखला की संजय कॉलोनी का रहने वाला है और डांस टीचर के साथ बागवानी का काम भी करता है। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है। पूछताछ में उसने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उसकी आमदनी कम हो गई थी, जिसके कारण मोबाइल फोन की मासिक EMI चुकाना उसके लिए मुश्किल हो गया था।
आर्थिक परेशानियों के चलते वह काफी तनाव में था और इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया। राहत की बात है कि घटना में उसकी जान बच गई और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
इससे पहले महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में भी मोबाइल की मांग को लेकर परिवार में विवाद के बाद एक दुखद घटना सामने आई थी, जिसमें बेटे को बचाने की कोशिश में पिता और बाद में मां भी पहाड़ी से गिर गए थे। हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।
इन घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि बढ़ते आर्थिक और पारिवारिक दबाव के बीच लोगों को मानसिक तनाव से निपटने के लिए समय रहते परिवार और विशेषज्ञों से मदद लेने की जरूरत है।
