onwin giriş
Home देश

बेलगावी के जिमखाना क्लब में फायरिंग, CCTV में कैद हुई हत्या की कोशिश

कर्नाटक के बेलगावी जिले में पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पास स्थित जिमखाना क्लब में गोलीबारी और हत्या के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूरी वारदात क्लब में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना कैंप पुलिस थाना क्षेत्र की है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांच हमलावर क्लब पहुंचे। इनमें से दो बाहर खड़े रहे, जबकि तीन आरोपी अंदर गए, जहां सुरेश जलगर मौजूद था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले बंदूक की बट से सुरेश के सिर पर हमला किया और फिर गोली मारने की कोशिश की। हालांकि, सुरेश ने हमलावर को धक्का दिया और मौके से भागकर अपनी जान बचा ली।

सीसीटीवी फुटेज में दो हथियारबंद आरोपी बंदूकें लहराते हुए सुरेश का पीछा करते दिखाई दे रहे हैं। सुरेश के भागने के बाद हमलावरों ने बाहर आकर हवा में दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बेलगावी पुलिस कमिश्नर भूषण बोरासे मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने सुरेश जलगर से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि वह भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। जांच के मुताबिक, कुछ समय पहले सुरेश ने प्रफुल्ल पाटिल नामक व्यक्ति पर गोली चलाई थी। पुलिस का मानना है कि जिमखाना क्लब में हुआ हमला उसी पुराने विवाद का बदला हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.