देहरादून के गढ़ी कैंट थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क सुधारीकरण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घट्टीगोला पुल के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से दो मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल मजदूरों की पहचान कवि कृष्णा और योगेंद्र के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एंबुलेंस से दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका एक्स-रे और सीटी स्कैन किया जा रहा है। फिलहाल दोनों की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घट्टीगोला पुल के पास सड़क सुधारीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर नीचे आ गिरे, जिसकी चपेट में आकर दोनों मजदूर दब गए।
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, बारिश और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
