मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ 5 जुलाई, 2026 को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी से पहले मुंबई के पाली हिल स्थित आमिर खान के घर में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भारी बारिश के बीच उनके घर को सजाया जाता देखा जा सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर और गौरी की शादी बेहद निजी समारोह में होगी, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल होंगे। दोनों पहले स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी का पंजीकरण कराएंगे, जिसके बाद मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि समारोह में करीब 100 से 150 मेहमान शामिल हो सकते हैं।
खबरों के अनुसार, शादी की तैयारियों में आमिर खान और गौरी स्प्रैट खुद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मेहमानों की सूची से लेकर सजावट और खाने के मेन्यू तक हर व्यवस्था पर दोनों की नजर है। शादी के मेन्यू में कपल की पसंदीदा डिशेज को शामिल किया गया है।
समारोह में फिल्म इंडस्ट्री के कुछ चुनिंदा मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। इनमें निर्देशक आशुतोष गोवारिकर और राजकुमार संतोषी का नाम भी सामने आया है।
आमिर खान ने हाल ही में अपनी शादी की पुष्टि करते हुए कहा था कि 5 जुलाई उनके लिए बेहद खास दिन है और वे चाहते हैं कि परिवार तथा करीबी दोस्तों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हो। उन्होंने सभी शुभचिंतकों से आशीर्वाद देने की अपील भी की।
गौरतलब है कि आमिर खान ने अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद से दोनों की शादी को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं।
यह आमिर खान की तीसरी शादी होगी। उन्होंने पहली शादी रीना दत्ता से की थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और इरा हैं। इसके बाद 2005 में उन्होंने किरण राव से विवाह किया। दोनों का एक बेटा आजाद राव खान है। वर्ष 2021 में अलग होने के बाद अब आमिर खान अपने जीवन की नई शुरुआत गौरी स्प्रैट के साथ करने जा रहे हैं।
