देहरादून। प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार को गति देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग सात नए राजकीय महाविद्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है। इनमें तीन महाविद्यालय कुमाऊं मंडल तथा चार महाविद्यालय गढ़वाल मंडल में स्थापित किए जाएंगे। नए कॉलेजों के संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय स्तर पर प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा।
विभाग की योजना नए महाविद्यालयों में पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ रोजगारोन्मुख एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की है। विद्यार्थियों की बदलती रुचि और रोजगार की मांग को देखते हुए स्नातक स्तर पर कंप्यूटर विज्ञान, प्रबंधन अध्ययन, पत्रकारिता एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्स संचालित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए विषयवार नए पदों के सृजन का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।
वर्तमान में प्रदेश में 118 राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं तथा एक महाविद्यालय निर्माणाधीन है। इनमें स्नातक स्तर के 82 महाविद्यालय हैं। सात नए महाविद्यालयों के शुरू होने के बाद यूजी कॉलेजों की संख्या बढ़कर 90 हो जाएगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
इन क्षेत्रों में प्रस्तावित हैं नए महाविद्यालय
मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत निम्न स्थानों पर नए महाविद्यालय स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है—
- हरिद्वार जनपद के भगवानपुर ब्लॉक में शहीद राजा विजय सिंह महाविद्यालय
- टिहरी गढ़वाल में राजकीय महाविद्यालय भिलंगना
- अल्मोड़ा जनपद में राजकीय डिग्री कॉलेज भनोली
- पिथौरागढ़ जनपद के मूनाकोट
- बागेश्वर जनपद के काफलीगैर
- देहरादून के गढ़कैंट क्षेत्र
- पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर क्षेत्र
उच्च शिक्षा विभाग का मानना है कि नए महाविद्यालयों में आधुनिक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल भी प्राप्त होगा। इससे उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे।
