हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुंभ नगरी में सड़क, पुल, पार्किंग एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। स्वीकृत निर्माण परियोजनाएं चरणबद्ध तरीके से पूर्णता की ओर बढ़ रही हैं और मेला प्रशासन उनकी नियमित निगरानी कर रहा है।
इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बैरागीवाला एवं श्रीयंत्र क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कुंभ मेला मद से संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इंटरलॉकिंग सड़क का 90 प्रतिशत कार्य पूरा
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप क्षेत्र में वन विभाग के माध्यम से परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित कराई जा रही इंटरलॉकिंग सड़क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं की सराहना की तथा शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं के आवागमन में निभाएगी अहम भूमिका
कुंभ मेला मद से बैरागी कैंप से श्रीयंत्र मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग पर दक्षद्वीप के वन क्षेत्र में लगभग 650 मीटर लंबी कच्ची सड़क का सुधार कर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों एवं धार्मिक संस्थाओं के शिविर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पार्किंग स्थलों एवं वैकल्पिक यातायात मार्गों के संचालन में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कनखल क्षेत्र तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में भी यह मार्ग सहायक सिद्ध होगा।
परियोजना के लिए शासन द्वारा 46.47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। सिंचाई विभाग के अभियंताओं ने बताया कि सड़क निर्माण का शेष कार्य अगले दस दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
निर्माणाधीन स्टील गर्डर पुल का भी किया निरीक्षण
अपर मेलाधिकारी ने दक्षद्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल का भी निरीक्षण किया।
पूर्व से निर्मित पुल के समानांतर बनाए जा रहे इस नए पुल से कुंभ मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं के आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकेगा।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था एवं अनुबंधित फर्म के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए पर्याप्त संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए शासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मेला अधिष्ठान की तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
