onwin giriş
Home दिल्ली/NCR देश

भोपाल में अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामला: हाई कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम के दिए आदेश

भोपाल। ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने अभिनेत्री के परिवार की याचिका पर सुनवाई करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान दिल्ली (एम्स) की मेडिकल टीम भोपाल जाकर पोस्टमार्टम करेगी।

ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद से उनके पति समर्थ सिंह फरार बताए जा रहे थे। हालांकि अब उनके वकील ने हाई कोर्ट में जानकारी दी है कि समर्थ अदालत के समक्ष सरेंडर करने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी वापस ले ली गई है।

मामले में उस समय और विवाद बढ़ गया जब ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और अभिनेत्री के भाई मेजर हर्षित शर्मा के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो गया। मेजर हर्षित शर्मा ने दावा किया कि वायरल ऑडियो असली है और उसमें कही गई बातें सच हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान परिवार के कई सदस्य भी मौजूद थे।

मेजर हर्षित ने आरोप लगाया कि उनकी बहन के मामले में सवाल पूछने पर गिरिबाला सिंह नाराज हो गई थीं। उनके अनुसार, उन्होंने केवल सामान्य बातचीत के दौरान अपनी बहन की स्थिति को लेकर सवाल किए थे, लेकिन सास ने इसे “क्रॉस-क्वेश्चन” की तरह लिया।

इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। परिवार ने इसे निष्पक्ष जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि परिवार शुरू से ही निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा था।

पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) तथा दहेज निषेध अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने फरार समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।

वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से अदालत में कहा गया कि ट्विशा उनके परिवार की बहू थीं और उनका अंतिम संस्कार करना परिवार का कर्तव्य है। दूसरी ओर, ट्विशा के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.