देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर अब महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर 42 सीटर विमान सेवा की शुरुआत राज्य के सीमांत क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने इसे सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना ने आम नागरिकों के लिए भी हवाई यात्रा को सुलभ बना दिया है। वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना के माध्यम से छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को सस्ती हवाई सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। इससे दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और गंभीर मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। साथ ही, वर्ष 2023 में शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के अंतर्गत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है।
इसके साथ ही, पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए समझौता (एमओयू) भी किया गया है, जिससे क्षेत्र में हवाई सुविधाओं का और विस्तार होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य में हवाई सुविधाओं को और बढ़ाने का आश्वासन दिया। समारोह में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।
