तिरुपति (आंध्र प्रदेश)। रजत शर्मा, चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ India TV, ने गुरुवार सुबह प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ चैनल की मैनेजिंग डायरेक्टर रितु धवन भी मौजूद रहीं।
रजत शर्मा सुबह-सुबह आंध्र प्रदेश पहुंचकर तिरुमला की पहाड़ियों पर स्थित इस पवित्र धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान दोनों ही भक्ति भाव में लीन नजर आए।
गौरतलब है कि तिरुपति बालाजी मंदिर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमला पर्वत पर स्थित है। सात पहाड़ियों से घिरा होने के कारण इसे ‘सप्तगिरि’ भी कहा जाता है। यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार माने जाने वाले वेंकटेश्वर स्वामी को समर्पित है।
करीब 2000 वर्ष पुराने इस मंदिर की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता अत्यंत गहरी मानी जाती है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दर्शन करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, जिससे यह दुनिया के सबसे अधिक दर्शन किए जाने वाले मंदिरों में शामिल है।
मंदिर की विशेष पूजा-पद्धति, प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं भी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र हैं।
