मुंबई। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म भूत बंगला का नया रोमांटिक गाना “तू ही दिसदा” रिलीज होते ही दर्शकों के बीच छा गया है। इस गाने में अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की खूबसूरत केमिस्ट्री देखने को मिल रही है, जिसे अरिजीत सिंह और निखिता गांधी की सुरीली आवाजों ने और खास बना दिया है।
गाने की शूटिंग प्राकृतिक वादियों, झरनों और हरियाली के बीच की गई है, जो इसे एक परफेक्ट रोमांटिक ट्रैक बनाती है। निर्देशक प्रियदर्शन का सिग्नेचर स्टाइल इस गाने में साफ नजर आता है। इससे पहले रिलीज हुआ गाना “राम जी आके भला करेंगे” जहां फिल्म का माहौल तैयार करता है, वहीं “तू ही दिसदा” फिल्म के रोमांटिक पहलू को उजागर करता है।
गौरतलब है कि अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी करीब 14 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है। इस फिल्म के जरिए दोनों एक बार फिर दर्शकों को कॉमेडी और मनोरंजन का डोज देने के लिए तैयार हैं।
फिल्म की स्टार कास्ट भी इसकी बड़ी ताकत मानी जा रही है। इसमें परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे दिग्गज कलाकार शामिल हैं, जिनकी मौजूदगी दर्शकों को हेरा फेरी और भूल भुलैया जैसे हिट फिल्मों की याद दिलाती है। वहीं तब्बू और वामिका गब्बी फिल्म में नई ऊर्जा जोड़ती हैं।
यह फिल्म बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड और Cape of Good Films के बैनर तले बनाई गई है। निर्माता एकता आर कपूर, शोभा कपूर और अक्षय कुमार इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं।
फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले ही फिल्म और इसके गानों को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि यह फिल्म 2026 की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो सकती है।
