देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। इस बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। मंत्रालय ने बताया है कि घरेलू गैस सिलेंडर को घर बैठे ही पांच अलग-अलग तरीकों से आसानी से बुक किया जा सकता है।
मंत्रालय ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि तेल विपणन कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक करने के कई सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। इन माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के पास जाने या लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मंत्रालय के अनुसार उपभोक्ता भारत गैस, इंडेन और एचपी गैस के सिलेंडर को पांच अलग-अलग तरीकों से बुक कर सकते हैं। इनमें व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल, IVRS, मोबाइल एप्लीकेशन और वेब पोर्टल शामिल हैं। इन सभी तरीकों के जरिए उपभोक्ता घर बैठे आसानी से सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं।
इसके लिए तेल कंपनियों ने अलग-अलग नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर व्हाट्सएप, मिस्ड कॉल और IVRS के माध्यम से सिलेंडर बुक किया जा सकता है। वहीं मोबाइल एप के जरिए बुकिंग करने के लिए Hello BPCL, Indian Oil One और HP Pay जैसे एप्लिकेशन उपलब्ध हैं।
इसके अलावा उपभोक्ता ऑनलाइन वेब पोर्टल के जरिए भी सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके लिए my.ebharatgas.com, cx.indianoil.in और myhpgas.in वेबसाइट पर जाकर आसानी से बुकिंग की जा सकती है।
दरअसल देश में गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आने के बाद कई जगहों पर लोग गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। कई स्थानों पर लोग सुबह तीन बजे से ही लाइन में लग रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि वे कई दिनों से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन अब तक उनका नंबर नहीं आया है और उन्हें सिलेंडर भी नहीं मिल पाया है।
ऐसे हालात में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडर बुक करने के पांच अलग-अलग तरीकों की जानकारी उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर साबित हो सकती है।
