onwin giriş
Home देश

15 मार्च से चार वंदे भारत ट्रेनों का बदलेगा समय, बेंगलुरु और हैदराबाद के यात्रियों पर पड़ेगा असर

देश में वंदे भारत ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। भारतीय रेलवे ने दक्षिण भारत में संचालित चार वंदे भारत ट्रेनों के समय में बदलाव करने का फैसला किया है। नई समय-सारणी 15 मार्च 2026 से लागू होगी। इस बदलाव का असर मुख्य रूप से बेंगलुरु, हैदराबाद और कलबुर्गी के यात्रियों पर पड़ेगा।

देश में इस समय कुल 164 वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इन ट्रेनों के जरिए रोजाना हजारों यात्री एक शहर से दूसरे शहर तक तेज और आरामदायक सफर करते हैं। पिछले कुछ वर्षों में वंदे भारत एक्सप्रेस नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे देश के कई प्रमुख शहर सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों से जुड़ गए हैं।

रेल मंत्रालय के अनुसार दक्षिण-पश्चिम रेलवे जोन के अंतर्गत चलने वाली चार वंदे भारत ट्रेनों के समय में संशोधन किया गया है। जिन ट्रेनों का समय बदला गया है, उनमें 20703 काचीगुडा–यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, 20704 यशवंतपुर–काचीगुडा वंदे भारत एक्सप्रेस, 22231 कलबुर्गी–एसएमवीटी बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और 22232 एसएमवीटी बेंगलुरु–कलबुर्गी वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।

नए टाइम-टेबल के अनुसार 20703 काचीगुडा–यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का हिंदूपुर स्टेशन पर नया आगमन समय 15:55 बजे होगा, जबकि पहले यह ट्रेन 15:48 बजे पहुंचती थी। वहीं 20704 यशवंतपुर–काचीगुडा वंदे भारत एक्सप्रेस अब हिंदूपुर स्टेशन पर 12:17 बजे पहुंचेगी, जो पहले 12:08 बजे पहुंचती थी।

इसी तरह 22231 कलबुर्गी–एसएमवीटी बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस का श्री सत्य साईं प्रशांति निलयम स्टेशन पर नया आगमन समय 11:13 बजे होगा, जबकि पहले यह 11:00 बजे पहुंचती थी। वहीं 22232 एसएमवीटी बेंगलुरु–कलबुर्गी वंदे भारत एक्सप्रेस का येलाहांका स्टेशन पर नया आगमन समय 12:58 बजे निर्धारित किया गया है, जो पहले 12:28 बजे था।

रेलवे के अनुसार 22232 एसएमवीटी बेंगलुरु–कलबुर्गी वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और इसका टाइम-टेबल भी संशोधित किया गया है। रेलवे का कहना है कि ट्रेनों का परिचालन बेहतर बनाने, प्लेटफॉर्म की उपलब्धता सुनिश्चित करने और देरी को कम करने के उद्देश्य से समय-सारणी में यह बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले नई समय-सारणी की जानकारी जरूर जांच लें।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.