onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

ऑस्ट्रेलिया में महिला ने एक जैसी दिखने वाली चार बच्चियों को दिया जन्म, डॉक्टर बोले- डेढ़ करोड़ में एक होता है ऐसा मामला

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड प्रांत में एक 34 वर्षीय महिला ने एक जैसी दिखने वाली चार बच्चियों को जन्म देकर चिकित्सा जगत को भी हैरान कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार यह बेहद दुर्लभ घटना है, जो लगभग डेढ़ करोड़ गर्भधारण में एक बार देखने को मिलती है। महिला का नाम जेनिटर साउ नाआमोआना है और अब वह कुल आठ बच्चों की मां बन गई हैं।

चारों बच्चियों का जन्म रॉयल ब्रिसबेन एंड विमेन्स हॉस्पिटल में सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए हुआ। डॉक्टर एलेक्सा बेंडाल के मुताबिक यह गर्भधारण पूरी तरह प्राकृतिक था। एक ही निषेचित अंडा चार भागों में विभाजित हो गया, जिससे चारों बच्चियों का विकास हुआ। डॉक्टरों का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया में इस तरह का मामला पहले कभी दर्ज नहीं हुआ।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नाआमोआना और उनके पति पहले से चार बच्चों के माता-पिता हैं और उनकी आगे संतान बढ़ाने की कोई योजना नहीं थी। एक साथ चार बच्चियों के आने की खबर ने पूरे परिवार को आश्चर्यचकित कर दिया।

यह गर्भावस्था काफी जोखिम भरी थी क्योंकि चारों भ्रूण एक ही प्लेसेंटा साझा कर रहे थे। ऐसी स्थिति में समय से पहले प्रसव, गर्भपात और अन्य जटिलताओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसी वजह से महिला को गर्भावस्था के 25वें सप्ताह में ही अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा।

महिला ने 14 जुलाई को 28 सप्ताह और चार दिन की गर्भावस्था में चारों बच्चियों को जन्म दिया। डॉक्टरों के अनुसार मां और चारों नवजात बच्चियां स्वस्थ हैं। प्रसव के दौरान कुछ रक्तस्राव हुआ, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही और अब मां की हालत पूरी तरह स्थिर है।

इस दुर्लभ जन्म ने चिकित्सा विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है और इसे आधुनिक चिकित्सा के लिए भी एक असाधारण मामला माना जा रहा है। इससे पहले भारत के हरियाणा में भी एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन एक जैसी दिखने वाली चार बच्चियों का यह मामला अपनी तरह का बेहद अनोखा माना जा रहा है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.