onwin giriş
Home उत्तराखंड

सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ, एक लाख युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य: डॉ. धन सिंह रावत

पौड़ी, 29 जून। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों को सहकारिता की शपथ दिलाई गई। साथ ही सहकारिता विभाग के मोबाइल एटीएम वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जनपद में यह अभियान 29 जून से 6 जुलाई तक विभिन्न जन-जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान और नई दिशा मिली है। राज्य सरकार का लक्ष्य सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सहकारी समितियों को डिजिटल और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, विपणन सुविधाएं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 1,500 किसानों को ब्याज मुक्त ऋण का लाभ दिया जा चुका है।

डॉ. रावत ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले किसानों को अधिक ऋण सुविधा प्रदान की जाएगी तथा प्रत्येक जनपद से 10 प्रगतिशील किसानों को अध्ययन भ्रमण के लिए देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार जैविक खेती को बढ़ावा दे रही है और किसान सम्मेलनों के माध्यम से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि वीर माधो सिंह भंडारी योजना के तहत किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार मंडुवा 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिल रहा है।

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से देशभर में एक करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत प्रत्येक सहकारी समिति में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 114 सहकारी समितियां विभिन्न जनहितकारी एवं डिजिटल सेवाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचा रही हैं।

सहकारिता सप्ताह के दौरान शपथ ग्रहण कार्यक्रम, सहकारी चौपाल, जागरूकता शिविर, ऋण वितरण कार्यक्रम, विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में कार्यशालाएं, वृक्षारोपण अभियान तथा सोशल मीडिया आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, गणेश कोली, पूर्व सहकारिता अध्यक्ष मातबर सिंह नेगी, उपनिबंधक सहकारिता सुरेंद्र पाल, निदेशक इफको उमेश त्रिपाठी, सहायक निबंधक सहकारिता पान सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक कोटद्वार के महाप्रबंधक एवं सचिव संजय रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.