onwin giriş
Home उत्तराखंड

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फर्जी वीआईपी बनने की कोशिश पड़ी भारी, ‘बिहार सरकार’ लिखी स्कॉर्पियो सीज

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर यातायात नियमों के उल्लंघन और फर्जी तरीके से सरकारी रौब जमाने वाले वाहनों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 7 जून को कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (वाहन संख्या BR 01FT 2735) को जांच के लिए रोका। जांच में पाया गया कि वाहन पर अनाधिकृत रूप से ‘बिहार सरकार’ अंकित था तथा उसमें अवैध रूप से हूटर और नेम प्लेट भी लगाई गई थी।

पुलिस जांच के दौरान वाहन में नेम प्लेट से संबंधित कोई अधिकृत व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पूछताछ में यह भी सामने आया कि केदारनाथ यात्रा के दौरान वीआईपी पहचान का लाभ लेने और नियमों को दरकिनार कर विशेष सुविधाएं प्राप्त करने के उद्देश्य से वाहन पर फर्जी तरीके से राजकीय पट्टिका और हूटर का उपयोग किया जा रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। वाहन से अवैध रूप से लगाए गए हूटर और नेम प्लेट को हटाकर जब्त कर लिया गया तथा मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत स्कॉर्पियो को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को फर्जी सरकारी पहचान, अवैध हूटर या अन्य विशेषाधिकारों का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सभी यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक या अवैध पहचान का इस्तेमाल न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.