देहरादून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस एक माह के विशेष अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फार्म एकत्र करेंगे। इसके बाद सभी फार्मों का डेटा बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में अपलोड किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची के डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
घर पर नहीं मिलने पर मिलेगी विशेष सुविधा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो मतदाता नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, उनके लिए निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा उपलब्ध कराई है।
मतदाता वोटर्स सर्विस पोर्टल पर जाकर अथवा ECI-Net मोबाइल ऐप डाउनलोड कर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे।
तीन बार घर आएंगे बीएलओ
यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ उसके घर पर कुल तीन बार विजिट करेंगे। प्रत्येक बार घर पर एक स्टीकर लगाया जाएगा, जिसमें अगले दौरे की तिथि और बीएलओ का मोबाइल नंबर अंकित होगा। मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार बीएलओ से संपर्क कर गणना फार्म भरवा सकते हैं।
केवल फोटो देनी होगी, दस्तावेज नहीं
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई के बीच चलने वाले घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान गणना फार्म के साथ मतदाताओं को किसी भी प्रकार का अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस विशेष अभियान से मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनेगी तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सकेगा।
