
टीवी और फिल्मों की दिग्गज अभिनेत्री अनीता कंवल ने आर्थिक तंगी की खबरों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी से आर्थिक मदद नहीं मांगी। उनके छह महीने पुराने इंटरव्यू को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी हुई।
अनीता कंवल ने बताया कि इंटरव्यू में उनसे पूछा गया था कि काम नहीं मिलने पर वह कितने समय तक आर्थिक रूप से खुद को संभाल सकती हैं। इस पर उन्होंने डेढ़ साल का जवाब दिया था। हालांकि, उनकी बातों को आर्थिक मदद मांगने के तौर पर प्रचारित किया गया।
अभिनेत्री ने अमिताभ बच्चन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब कलाकार काम की तलाश में अपनी परेशानियां साझा करते हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि वे आर्थिक मदद मांग रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उनसे कुछ गलत निवेश हुए थे, लेकिन आज भी उनमें कमाने की क्षमता है और वह खुद को कई वर्षों तक संभाल सकती हैं।
अनीता कंवल ने बताया कि इंस्टाग्राम पर रील्स बनाने के बाद उन्हें फिल्म में काम मिला है। अब उन्हें सोशल मीडिया पर कोलैबोरेशन भी मिल रहे हैं। उन्होंने अपना 25 एपिसोड का रील ड्रामा भी बनाया है। अभिनेत्री ने साफ कहा कि वह आर्थिक तंगी से नहीं जूझ रही हैं, बल्कि अपना भविष्य सुरक्षित करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस उम्र में उनके नाम को गलत तरीके से बदनाम न किया जाए।

