
DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन शनिवार को चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में सांसदों के साथ अहम बैठक करेंगे। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग पर चर्चा होने की संभावना है।
केंद्र सरकार पर कनिमोझी का हमला
DMK संसदीय दल की नेता कनिमोझी ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उनका बयान ऐसे समय आया है, जब इंडिया गठबंधन के सांसद चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। DMK लंबे समय से SIR प्रक्रिया पर आपत्ति जताती रही है।
ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग दोहराई
स्टालिन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग दोहराई है। उन्होंने अभिजीत दीपके और नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने पर भी सवाल उठाते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। दोनों को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जाते समय पुलिस ने हिरासत में लिया था।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर भी नजर
DMK ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई है। पार्टी का आरोप है कि SIR के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए। निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार, संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मसौदा मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी।
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर DMK इसका विरोध करेगी।

