onwin giriş
Home देश

परिसीमन बिल पर INDI गठबंधन का विरोध, खरगे बोले- लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा

परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने साफ कर दिया है कि INDI गठबंधन केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का विरोध करेगा। खरगे ने इस बिल को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए सरकार पर सत्ता अपने हाथों में केंद्रित करने की कोशिश का आरोप लगाया है।

खरगे ने कहा कि INDI गठबंधन के सभी नेताओं ने मिलकर इस बिल का विरोध करने का फैसला लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता में बने रहना चाहती है। खरगे ने बीजेपी के पुराने ‘400 पार’ के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि अब ‘800 पार’ की बात की जा रही है।

SC-ST वर्ग के हितों की अनदेखी का आरोप

मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन बिल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति यानी SC-ST वर्ग के हितों का ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार इन वर्गों की सीटों में वृद्धि होनी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित बिल में इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है।

खरगे का कहना है कि परिसीमन नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए, ताकि SC-ST वर्ग को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुसार प्रतिनिधित्व मिल सके।

चुनाव आयोग की भूमिका पर भी उठाए सवाल

खरगे ने चुनाव आयोग को परिसीमन की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण काम की जिम्मेदारी उन्हें देना विपक्ष को स्वीकार नहीं है।

उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि पहले भी राजनीतिक फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किए गए हैं।

खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने विपक्षी दलों को कमजोर करने के बाद अब अपने संख्याबल के आधार पर संसद का सत्र बुलाया है।

फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि संसद में इस बिल को लेकर आगे क्या रुख अपनाया जाता है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.