
भारत का वैश्विक प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत ने रूस और जापान को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल किया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट की ओर से जारी इस रिपोर्ट में भारत के बढ़ते सामरिक, आर्थिक और कूटनीतिक प्रभाव को दर्शाया गया है।
लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2026 में भारत का पावर स्कोर बढ़कर 40.5 हो गया है। इसके साथ ही भारत ने एशिया के सबसे शक्तिशाली देशों की सूची में अपना तीसरा स्थान और मजबूत किया है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे और रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों देशों के बीच शक्ति का अंतर भी कम हुआ है।
रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बताया गया है। इस मामले में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहले स्थान पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने अपना कूटनीतिक प्रभाव बनाए रखा है और क्षेत्रीय राजनीति में उसकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है।
आर्थिक मोर्चे पर भी भारत की स्थिति मजबूत होती दिखाई दे रही है। विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और एशियाई विकास बैंक (ADB) समेत कई प्रमुख संस्थानों ने भारत की आर्थिक विकास दर के अनुमान में सुधार किया है।
कोरिया इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक पॉलिसी (KIEP) के दक्षिण एशिया प्रमुख क्यूंगहून किम के अनुमान के मुताबिक, भारत वर्ष 2030 के आसपास दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 2026 कुल 131 मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की रैंकिंग करता है। इसके जरिए देशों की आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, कूटनीतिक प्रभाव और क्षेत्रीय शक्ति का आकलन किया जाता है। भारत का तीसरे स्थान पर पहुंचना एशिया में उसकी बढ़ती भूमिका और वैश्विक स्तर पर मजबूत होती स्थिति को दर्शाता है।

