
गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार को डासना जेल से बाहर आ गए। इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद गाजियाबाद सीजेएम कोर्ट में उनकी जमानत की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद रिहाई का आदेश जेल पहुंचा और देर शाम आजम खान को रिहा कर दिया गया।
आजम खान की जमानत के लिए 50-50 हजार रुपये के दो जमानती बॉन्ड भरे गए। शहनवाज और जुनैद ने जमानत की जिम्मेदारी ली। इसके अलावा 50-50 हजार रुपये की दो एफडी भी जमा कराई गईं। जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
ईडी की गिरफ्तारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
आजम खान को 31 अक्टूबर को ईडी ने उस समय गिरफ्तार किया था, जब वे दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ रहे थे। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई थी।
आजम खान ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने ईडी को फटकार लगाते हुए कहा था कि उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने देने से आसमान नहीं टूट पड़ेगा।
क्या है फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामला?
18 अक्टूबर 2023 को रामपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश का दोषी ठहराया था। अदालत ने तीनों को सात-सात साल की सजा सुनाई थी।
वहीं, इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पहले उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज करते हुए आजम खान, उनकी पत्नी और बेटे को राहत दी थी।
ईडी ने अंतरिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
आजम खान को मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के समक्ष मामले का जिक्र करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।

