onwin giriş
Home उत्तराखंड

कुंभ मेला-2027 को लेकर तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने दिए आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश

देहरादून: कुंभ मेला-2027 के दौरान किसी भी संभावित आपदा या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान संभावित आपदाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

सेक्टरवार तैयार होगी निकासी योजना

मुख्य सचिव ने पूरे कुंभ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक प्लान, इवेक्यूएशन प्लान और फायर कंट्रोल मैकेनिज्म को शामिल करते हुए एक समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने भूकंप, बाढ़ और केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (CBRN) जैसी आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट SOP तैयार करने को कहा।

उपकरणों की उपलब्धता के साथ प्रशिक्षण पर जोर

मुख्य सचिव ने बाढ़, भूकंप और CBRN आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल उपकरण खरीदना पर्याप्त नहीं है। उनका नियमित रखरखाव, ऑपरेशनल स्थिति और संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी जरूरी है।

उपकरणों की जरूरत और उपलब्धता के बीच गैप का आकलन कर SDRF के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

पीक टाइम में होंगी मॉक ड्रिल

मुख्य सचिव ने ATS को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने मेले और प्रमुख पर्वों के दौरान संभावित पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए।

मॉक ड्रिल में आपात स्थिति को वास्तविक रूप से सिम्युलेट कर वैकल्पिक मार्गों और रिस्पांस मैकेनिज्म की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करना होना चाहिए।

AI और आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल

कुंभ मेले की व्यवस्थाओं में AI और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों से मिलने वाली सूचनाओं और मेले के दौरान प्राप्त अनुभवों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में बड़े आयोजनों की तैयारियों में उसका उपयोग किया जा सके।

तकनीकी और विशेषज्ञ सहयोग के लिए ITDA और आपदा प्रबंधन विभाग समेत संबंधित संस्थाओं की मदद लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों को हायर करने के निर्देश भी दिए गए।

अफवाह रोकने और मोबाइल नेटवर्क मजबूत करने पर जोर

मुख्य सचिव ने मेले के दौरान कम्युनिकेशन मैनेजमेंट मजबूत करने को कहा। अफवाहों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के साथ ही भीड़ और पीक टाइम को देखते हुए मोबाइल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मोबाइल टावर और अन्य संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

कंट्रोल रूम को किया जाएगा मजबूत

मुख्य सचिव ने कंट्रोल रूम को मजबूत करने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 बड़े स्तर का आयोजन है, इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनन्द स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी मौजूद रहे

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.