चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के बाद उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता दिखाई है। हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी। मुख्यमंत्री ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से कहा है कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान की लगातार निगरानी की जाए और उन्हें खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।
सेना, BRO और NDRF समेत कई टीमें जुटीं
लापता हवलदार की तलाश में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। उनके लापता होने की सूचना के बाद पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद किया और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।
परिवार से लगातार संपर्क में मुख्यमंत्री कार्यालय
मुख्यमंत्री कार्यालय भी हवलदार पंकज के परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। अधिकारियों से खोज अभियान की प्रगति की नियमित जानकारी ली जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं हवलदार पंकज के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
सीएम धामी बोले- हरसंभव प्रयास किए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और राहत-बचाव कार्य को पूरी तत्परता से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
नीति घाटी की दुर्गम परिस्थितियों के बीच कई एजेंसियों की टीमें हवलदार पंकज की तलाश में जुटी हैं और प्रशासन अभियान की लगातार निगरानी कर रहा है।
