onwin giriş
Home देश

BJP की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, यूपी को मिली बड़ी जिम्मेदारी; वसुंधरा राजे और स्मृति ईरानी समेत कई बड़े नाम शामिल

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न मोर्चों और संगठनात्मक पदों पर भी नेताओं की नियुक्ति की गई है।

नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव, बैजयंत पांडा, स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े जैसे प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में राज्यों के प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया गया है।

नितिन नवीन की नई टीम में दिल्ली के बाद उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व मिला है। दिल्ली से 10 और उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह दी गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से 6, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से 4-4 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा और प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं अमरपाल मौर्य को BJP ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं राजस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

महाराष्ट्र से डॉ. भारती प्रवीण पवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि जगदीश ईश्वरभाई पटेल और रोहन गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। डॉ. हेमंग जोशी को BJP युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

उत्तराखंड को भी नई राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। महेंद्र पांडेय को केंद्रीय कार्यालय सचिव, अनिल बलूनी को मीडिया कन्वीनर और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया को-कन्वीनर की जिम्मेदारी दी गई है।

बिहार से सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है, जबकि ऋतुराज सिन्हा और शिवेश कुमार राम को संगठन में अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है।

हरियाणा से संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव और अरुण यादव को सोशल मीडिया को-कन्वीनर की जिम्मेदारी दी गई है।

BJP ने पूर्वोत्तर राज्यों को भी नई टीम में प्रतिनिधित्व दिया है। त्रिपुरा के बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। नगालैंड की फांगनोन कोन्याक और असम की मृगांका देव बर्मन को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिली है।

दक्षिण भारत से आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के नेताओं को राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है। आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, कर्नाटक से प्रो. एम. नागराजा, केरल से के. सुरेंद्रन और अनिल एंटनी तथा तमिलनाडु से डॉ. एम. वेंकटेशन को जिम्मेदारी दी गई है।

BJP की नई राष्ट्रीय टीम में क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों की राजनीतिक जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश जैसे बड़े चुनावी राज्य को मिली प्रमुखता को पार्टी की आगामी रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.