onwin giriş
Home उत्तराखंड

उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, बोले- जल्द करेंगे शूटिंग पर विचार

देहरादून: बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को देहरादून के रिंग रोड, लाडपुर स्थित उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) के कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात कर राज्य की नई फिल्म नीति और फिल्म निर्माण से जुड़ी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुलाकात के दौरान के.एस. चौहान ने अमन वर्मा का स्वागत करते हुए उन्हें जागेश्वर मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट किया। अभिनेता ने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर शानदार शूटिंग लोकेशन मौजूद हैं और वे जल्द ही यहां किसी फिल्म की शूटिंग करने की संभावनाओं पर विचार करेंगे।

अमन वर्मा ने बताया कि उनका नाटक ‘किस्मत पैलेस’ 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला, देहरादून में मंचित किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी फिल्म नीति लागू कर रही है। इसके तहत हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही वेब सीरीज़ और विदेशी फिल्मों को भी प्रोत्साहन योजनाओं के दायरे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन अनुमति प्रणाली और सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा शूटिंग शुल्क पूरी तरह माफ किया गया है तथा शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और जीएमवीएन एवं केएमवीएन के गेस्ट हाउसों में विशेष रियायतें भी दी जा रही हैं।

के.एस. चौहान के अनुसार, उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज़ और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग होती है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण उत्तराखंड फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श स्थान है। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनाना और इसे एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.