onwin giriş
Home उत्तराखंड

कारगिल विजय दिवस पर ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ का आयोजन, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और पूरी दुनिया के सामने भारतीय सेना की क्षमता और संकल्प का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों और शहीदों के बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को ‘वीरों की भूमि’ के रूप में जाना जाता है और राज्य के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करती रहेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। मैराथन के माध्यम से कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.