इजरायल की राजधानी यरूशलम में एक भारतीय नागरिक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 31 वर्षीय एक इजरायली नागरिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना को आपराधिक प्रकृति का माना गया है, जबकि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 40 वर्षीय भारतीय नागरिक का शव गुरुवार को यरूशलम के कटामोन इलाके स्थित एक अपार्टमेंट में मिला। मृतक फर्श पर पड़ा था और उसके आसपास बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। सूचना मिलने के बाद मोरिया पुलिस स्टेशन की टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की।
इजरायली पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की आशंका सामने आई, जिसके बाद जांच तेज करते हुए पुलिस ने एलाट शहर के रहने वाले 31 वर्षीय इजरायली नागरिक को हत्या में कथित संलिप्तता के संदेह में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों ने अभी तक न तो मृतक भारतीय नागरिक की पहचान सार्वजनिक की है और न ही गिरफ्तार किए गए संदिग्ध का नाम जारी किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए यरूशलम जिला कमांडर अवशालोम पेल्ड भी घटनास्थल पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी यरूशलम जिला केंद्रीय जांच इकाई (YAMAR) को सौंप दी गई।
मोरिया पुलिस स्टेशन के कमांडर चीफ सुपरिंटेंडेंट युवल रूवेन ने कहा कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस हत्या के मकसद, मृतक और आरोपी के बीच संभावित संबंध तथा अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।
