सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों के दाम में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के साथ सोना करीब तीन सप्ताह के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी भी लगातार कमजोर बनी हुई है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 800 रुपये टूटकर 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को इसका भाव 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
वहीं चांदी की कीमत में 2,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव 2,22,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। गुरुवार को चांदी 2,24,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
कारोबारियों का कहना है कि लगातार दो कारोबारी सत्र तक कीमतों में ठहराव रहने के बाद सोने में फिर से बिकवाली बढ़ी, जिससे इसके दाम तीन सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए। वहीं चांदी में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 15.42 डॉलर (0.39%) की बढ़त के साथ 3,992 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा। दूसरी ओर चांदी में कमजोरी बनी रही और इसका भाव 55.37 डॉलर प्रति औंस रहा।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को 5 अगस्त डिलीवरी वाला सोना 658 रुपये (0.47%) की बढ़त के साथ 1,41,006 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसका उच्चतम स्तर 1,41,052 रुपये और न्यूनतम स्तर 1,39,801 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।
वहीं 4 सितंबर डिलीवरी वाली चांदी मामूली 46 रुपये (0.02%) की बढ़त के साथ 2,16,449 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। कारोबार के दौरान चांदी का उच्चतम स्तर 2,17,234 रुपये और न्यूनतम स्तर 2,13,781 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
