मुंबई: अभिनेता पंकज त्रिपाठी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओह माय डॉग’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म का निर्देशन अमित राय ने किया है, जो इससे पहले ‘ओह माय गॉड’ और ‘ओह माय गॉड 2’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म के टीजर की शुरुआत मशहूर गीत ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो’ से होती है, जिसके बाद एक कुत्ते के भौंकने की आवाज और सस्पेंस से भरपूर दृश्य दिखाई देते हैं। टीजर में कई कुत्तों को दौड़ते हुए दिखाया गया है, जबकि पंकज त्रिपाठी किसी की तलाश करते नजर आते हैं।
टीजर से संकेत मिलता है कि फिल्म की कहानी कुत्तों की वफादारी, निस्वार्थ प्रेम, दोस्ती और इंसानों के साथ उनके भावनात्मक रिश्ते पर आधारित है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पंकज त्रिपाठी के साथ करीब 250 कुत्ते भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म एक छोटे बच्चे और उसके पालतू कुत्ते के बीच बने भावनात्मक रिश्ते को केंद्र में रखकर बनाई गई है। कहानी के जरिए प्यार, दया, करुणा और दोस्ती जैसे मानवीय मूल्यों को दर्शाया जाएगा।
‘ओह माय डॉग’ में पंकज त्रिपाठी के अलावा माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ, राजेश कुमार और विजय मिश्रा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प बात यह है कि पहले इस फिल्म का नाम ‘धर्मा’ रखा गया था, लेकिन बाद में मेकर्स ने इसका टाइटल बदलकर ‘ओह माय डॉग’ कर दिया।
7 जुलाई को रिलीज हुए टीजर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खासकर डॉग लवर्स के बीच फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। अब दर्शकों को 31 जुलाई का इंतजार है, जब पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने अलग अंदाज में बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।
