भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी से एक दिन पहले दुश्मनों और आतंकियों को कड़ा संदेश दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर साझा किए गए पोस्ट में सेना ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब इंसानियत की सीमाएं लांघी जाती हैं, तो जवाब भी निर्णायक होता है।
सेना ने अपने संदेश में लिखा, “जब इंसानियत की सीमाएं लांघ जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। न्याय मिल गया है। भारत एकजुट है।” इस पोस्ट के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का लोगो भी साझा किया गया, जिसमें यह संदेश दिया गया कि कुछ सीमाएं कभी नहीं लांघी जानी चाहिए और भारत ऐसे कृत्यों को कभी नहीं भूलता।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
इस हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बड़ी सैन्य कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
सेना के अनुसार, यह कार्रवाई पूरी तरह सटीक और योजनाबद्ध थी। इसका उद्देश्य केवल उन आतंकी ढांचों को नष्ट करना था, जहां से भारत के खिलाफ साजिशें रची जा रही थीं। सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि इस ऑपरेशन का लक्ष्य आम नागरिक नहीं, बल्कि आतंकवादी ठिकाने थे।
भारतीय सेना का यह संदेश न केवल आतंकियों के लिए चेतावनी है, बल्कि देशवासियों के लिए एक भरोसा भी है कि देश की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश एक बार फिर उस दर्दनाक घटना को याद कर रहा है और शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है।

