नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, 8 जून को मानसून ने अरब सागर के और अधिक हिस्सों, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ नए इलाकों में दस्तक दे दी है। वहीं अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।इसके साथ ही, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में 11 और 12 जून को आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इन राज्यों में 11 और 12 जून को इन राज्यों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और ओले गिरने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 11-12 जून को धूलभरी आंधी का अलर्ट है। 11 से 14 जून के बीच इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में 13-14 जून के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अगर बात करें उत्तर प्रदेश के मौसम की तो यहां 10 से 14 जून के बीच बारिश के आसार हैं। पूर्वी यूपी में 12 जून को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी है। एमपी और छत्तीसगढ़ में 9 से 14 जून के बीच गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बिहार में 10 से 12 जून और ओडिशा में 11-12 जून को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल (गंगा तटीय इलाके) में 10 से 12 जून के बीच आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर उत्तराखंड और हिमाचल में 11 और 12 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
केरल और कर्नाटक में मानसून के चलते आज यानी 9 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 11 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में 12 जून तक गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और कई हिस्सों में भारी बारिश होगी।असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों, 14 जून तक लगातार भारी बारिश की संभावना है।
