देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। चयनित अभ्यर्थी शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्त किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर युवाओं की मेहनत, संघर्ष और समर्पण की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने विभागों को रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि अब प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग में 173 अनुदेशक और 4 वैयक्तिक सहायकों सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। वहीं पशुपालन विभाग में 9 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिना सिफारिश और पूर्ण पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग में चयनित 35 सहायक लेखाकारों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
