
झारखंड के युवा क्रिकेटर शिखर मोहन को न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। 21 वर्षीय बल्लेबाज को आखिरी दो चार-दिवसीय मुकाबलों के लिए टीम में जगह मिली है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले शिखर के चयन से झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी है।
रणजी ट्रॉफी में बल्ले से मचाया धमाल
शिखर मोहन ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 पारियों में एक दोहरे शतक की मदद से 613 रन बनाए थे। मौजूदा रणजी सीजन में भी उनका बल्ला जमकर चल रहा है। शुरुआती दो मैचों में उन्होंने 99 की औसत से 297 रन बनाए हैं। केरल के खिलाफ उन्होंने 143 रन की शानदार पारी खेली, जबकि महाराष्ट्र के खिलाफ 27 और 127 रन बनाए।
दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप में भी चमके
शिखर मोहन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए साउथ जोन के खिलाफ दोनों पारियों में अर्धशतक लगाए थे। इसके बाद ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से खेलते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 60 रन बनाए। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर अब उन्हें इंडिया ए टीम में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
24 अक्टूबर से शुरू होगा पहला मुकाबला
भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला चार-दिवसीय मैच 24 अक्टूबर से लिंकन में खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च और तीसरा मैच फिर लिंकन में आयोजित होगा। यह सीरीज सीनियर भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान खेली जाएगी। इसके जरिए युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की परिस्थितियों में खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।
इंडिया ए टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, आर. स्मरण, कुमार कुशाग्र, ध्रुव जुरेल (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार और शिखर मोहन (आखिरी दो मैचों के लिए)।
अब सबकी नजरें इस बात पर रहेंगी कि शिखर मोहन को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या नहीं और वह इस मौके को किस तरह भुनाते हैं।

