onwin giriş
Home देश

कड़ाके की सर्दी का कहर: यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी

नई दिल्ली। देशभर में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत तक कई राज्यों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सुबह-शाम घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं पूर्वी भारत के राज्यों में भी अगले तीन दिनों के दौरान तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जाने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इन इलाकों में शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है।

पूर्वोत्तर राज्यों — असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा — में भी कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा जारी है। यहां 27 दिसंबर तक कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

राजस्थान के सीकर में मैदानी इलाकों का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तराखंड, पूर्वी यूपी, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है।

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है।
वहीं अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान लगाया गया है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को मौसम साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5 से 7 डिग्री के बीच रह सकता है। सुबह हल्की हवाओं के कारण आज घना कोहरा नहीं छाया, हालांकि शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ सुबह कई इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध और कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात यात्रा से बचने, गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Similar Posts

© 2015 News Way· All Rights Reserved.