फिल्म कबीर सिंह में शाहिद कपूर की दमदार एक्टिंग ने उन्हें करियर की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। यह फिल्म सिनेमाघरों में जबरदस्त हिट साबित हुई, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस सुपरहिट फिल्म के लिए शाहिद कपूर मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। हाल ही में निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि कबीर सिंह के लिए सबसे पहले रणवीर सिंह को अप्रोच किया गया था।
इस खुलासे ने एक बार फिर फैंस के बीच चर्चा छेड़ दी है कि अगर रणवीर सिंह इस फिल्म का हिस्सा होते तो कहानी किस तरह अलग हो सकती थी। दिलचस्प बात यह है कि यह इंटरव्यू ऐसे समय में सामने आया है, जब रणवीर सिंह अपनी हालिया ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर को लेकर सुर्खियों में हैं। 2025 में रिलीज हुई यह फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है और कई बड़ी हिट फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।
आईड्रीम मीडिया को दिए इंटरव्यू में संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि अर्जुन रेड्डी के बॉलीवुड रीमेक को लेकर उन पर मुंबई से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने कहा,
“सबसे पहले यह रोल रणवीर सिंह को ऑफर किया गया था। मैं उनके साथ यह फिल्म करना चाहता था, लेकिन उन्होंने इसे करने से मना कर दिया। उनका मानना था कि उनके करियर के उस स्टेज पर यह किरदार उनके लिए बहुत ज्यादा डार्क था।”
रणवीर सिंह के मना करने के बाद फिल्म शाहिद कपूर को ऑफर की गई, लेकिन इस फैसले पर कई लोगों ने सवाल उठाए। संदीप रेड्डी वांगा के मुताबिक, उस समय शाहिद का बॉक्स ऑफिस ट्रैक रिकॉर्ड चिंता का विषय माना जा रहा था। उनकी किसी भी सोलो फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं किया था और उनकी सबसे ज्यादा कमाई लगभग 65 करोड़ रुपये तक सीमित थी।
संदीप रेड्डी ने कहा,
“लोग कहते थे कि इतनी कम कमाई तो तेलुगु फिल्में भी कर लेती हैं। सवाल उठाया गया कि आप इस लड़के के साथ यह फिल्म क्यों कर रहे हैं। सबका मानना था कि अगर रणवीर होते तो बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ज्यादा होता, लेकिन मुझे हमेशा शाहिद पर भरोसा था। वह एक शानदार अभिनेता हैं।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर जल्द ही ओ रोमियो, कॉकटेल 2 और फर्जी 2 में नजर आने वाले हैं। वहीं रणवीर सिंह इन दिनों धुरंधर की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा उनकी आने वाली फिल्मों में धुरंधर पार्ट 2, टॉक्सिक, डॉन 3 और शक्तिमान शामिल हैं, जिनका फैंस को बेसब्री से इंतजार है।
