गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। प्रतीक बोरदोलोई ने मार्घेरिटा विधानसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब उनके पिता प्रद्युत बोरदोलोई हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।
असम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी कांग्रेस पार्टी के बीच माना जा रहा है। हालांकि, चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को लगातार झटके लग रहे हैं, क्योंकि कई नेता पार्टी छोड़ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, मार्घेरिटा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे प्रतीक बोरदोलोई ने अपने पिता के भाजपा में शामिल होने के बाद यह कदम उठाया। उन्होंने इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की जानकारी दी।
गौरतलब है कि नगांव से लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पहले कांग्रेस से इस्तीफा दिया और उसके बाद भाजपा का दामन थाम लिया। इसके अगले ही दिन उनके बेटे ने चुनाव मैदान से हटने का फैसला कर लिया।
प्रतीक बोरदोलोई ने अपने पत्र में कहा कि वह पार्टी के प्रति सम्मान रखते हुए यह निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने लिखा कि पिता के दूसरे दल में शामिल होने के बाद उनके लिए उम्मीदवार बने रहना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा में अपना विश्वास बनाए रखने की बात भी दोहराई और कहा कि वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार, असम में 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रहे इस्तीफे और उम्मीदवारों के हटने से कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर असर पड़ सकता है। वहीं, भाजपा को इससे राजनीतिक बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है।
