कनाडा के सरे शहर में भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक जसमन सेखों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह घटना संगठित अपराध से जुड़ी लक्षित हत्या प्रतीत होती है। मामले की जांच इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने अपने हाथ में ले ली है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:39 बजे सुलिवन हाइट्स इलाके में 15100 ब्लॉक ऑफ 60 एवेन्यू स्थित एक टाउनहाउस कॉम्प्लेक्स में गोलीबारी की घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जसमन सेखों गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेखों का पीछा एक काले रंग की SUV कर रही थी। इसके बाद वाहन से दो लोग उतरे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के करीब 15 मिनट बाद पास ही एक नीले रंग की हुंडई SUV जलती हुई हालत में मिली, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला सुनियोजित और लक्षित था। पुलिस के मुताबिक, जसमन सेखों का पहले भी आपराधिक मामलों में नाम सामने आया था और उसे मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने का संदेह था।
IHIT की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा कि जांचकर्ता मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या जानकारी हो, तो वह पुलिस के साथ साझा करें।
यह घटना सरे में बढ़ते हिंसक अपराधों की कड़ी में एक और मामला है। पिछले 48 घंटों में शहर में गोलीबारी की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन और नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।
इस घटना के बाद सरे में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोग संगठित अपराध और ड्रग्स से जुड़ी हिंसा पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
