जामनगर | 1 नवंबर 2025:
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने इस साल अपना जन्मदिन हर बार से बिल्कुल अलग और आध्यात्मिक अंदाज़ में मनाया। मुंबई की चकाचौंध से दूर, उन्होंने अपना 62वां जन्मदिन जामनगर में बेहद सादगी और भक्ति मय वातावरण में सेलिब्रेट किया।
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियोज़ में नीता अंबानी पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दीं। वीडियो में वे मुकेश अंबानी के साथ जामनगर के एक मंदिर में दर्शन करती नज़र आईं।
एक वायरल वीडियो में नीता अंबानी मंदिर में प्रवेश करने से पहले एक गाय को चारा खिलाती दिखीं। इसके बाद उन्होंने आरती की, जमीन पर लेटकर प्रणाम किया और देवताओं के चरणों में नतमस्तक हुईं।
एक और झलक में वे अपने पति मुकेश अंबानी से हाथ जोड़कर आशीर्वाद लेती दिखाई दीं, जिसके बाद मुकेश अंबानी ने उन्हें गले लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
उनकी यह सादगी और श्रद्धा भरा अंदाज़ सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
नीता अंबानी ने इस बार अपने जन्मदिन का अधिकांश समय अपने स्टाफ और परिवार के साथ बिताया।
एक वीडियो में वे अपनी मां पूर्णिमा दलाल के सामने घुटने टेककर पैर छूकर आशीर्वाद लेती दिखीं। उन्होंने माँ के पैर थाल में धोकर उनका आशीर्वाद लिया — जो भारतीय परंपरा में अत्यंत सम्मान का प्रतीक माना जाता है।
एक अन्य क्लिप में वे अपने स्टाफ के साथ केक काटती और मुस्कुराती हुई नज़र आती हैं। इस पूरे समारोह में भव्यता की जगह सादगी और आत्मीयता देखने को मिली।
अंबानी परिवार के विशाल जामनगर एस्टेट और टाउनशिप में नीता अंबानी के जन्मदिन की हलचल साफ नज़र आई।
हालाँकि यह आयोजन निजी था, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई झलकियों ने यह दिखाया कि इस मौके पर भी माहौल पूरी तरह सांस्कृतिक और पारिवारिक भावना से भरा हुआ था।
नीता अंबानी न सिर्फ भारत की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक हैं, बल्कि एक प्रशिक्षित शास्त्रीय नृत्यांगना, शिक्षाविद् और समाजसेविका भी हैं।
वह रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन हैं, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की सदस्य चुनी जाने वाली पहली भारतीय महिला हैं और नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) की प्रेरक शक्ति हैं।
इसके अलावा वह धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल की संस्थापक और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की निदेशक भी हैं।

